नए साल के जश्न में डूबा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, जंगल के बीच पर्यटकों ने किया 2026 का स्वागत
मध्य प्रदेश का विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व नए साल पर उत्सव का केंद्र बन गया। जंगल के बीच आदिवासी नृत्य, लोक संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पर्यटकों ने 2026 का अनोखे अंदाज़ में स्वागत किया। देश-विदेश से आए सैलानियों से होटल और सफारी पूरी तरह हाउसफुल रहीं।
भोपाल : मध्य प्रदेश का विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व नए साल के जश्न में पूरी तरह डूब गया है। बाघों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर इस रिजर्व में 31 दिसंबर की रात जैसे ही घड़ी ने 12 बजाए, पूरा इलाका उत्साह और उल्लास से गूंज उठा। पर्यटक नए साल का स्वागत करने में इतने उत्साहित थे कि रात भर जश्न का माहौल बना रहा।
ताला मुख्यालय के साथ-साथ आसपास के होटलों और रिसॉर्ट्स में विशेष आयोजन किए गए थे। यहां स्थानीय आदिवासी कलाकारों और अन्य देसी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। आदिवासी नृत्य और पारंपरिक गीतों पर पर्यटक जमकर थिरके। कई पर्यटक तो परिवार के साथ कलाकारों के बीच पहुंचकर खुद नाचने लगे। गीत-संगीत और नृत्य की धुनों ने पूरे वातावरण को खुशियों से भर दिया। पर्यटकों का कहना था कि जंगल के बीच इस तरह नए साल का स्वागत करना एक अनोखा और यादगार अनुभव रहा।
नए साल के मौके पर बांधवगढ़ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। सभी होटल और रिसॉर्ट पूरी तरह बुक हो चुके थे। जंगल सफारी की बुकिंग भी हाउसफुल रही। रिसॉर्ट मालिकों ने पहले से ही विशेष तैयारियां की थीं। उन्होंने स्थानीय कलाकारों को बुलाकर कार्यक्रम आयोजित किए, ताकि मेहमान स्थानीय संस्कृति का लुत्फ उठा सकें। पर्यटकों ने इन आयोजनों की खूब तारीफ की और कहा कि प्रकृति की गोद में इस तरह का उत्सव कहीं और देखने को नहीं मिलता।
सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम रात भर जंगल क्षेत्र में गश्त करती रही, ताकि वन्यजीवों और पर्यटकों दोनों को कोई खतरा न हो। पुलिस बल भी अलग-अलग इलाकों में मुस्तैद रहा और लगातार गश्त की। इन सब व्यवस्थाओं की वजह से जश्न पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण रहा।
क्या आप WhatsApp पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
WhatsApp पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
Follow News Tv India on WhatsAppबांधवगढ़ टाइगर रिजर्व सिर्फ बाघ देखने की जगह नहीं, बल्कि प्रकृति और संस्कृति के अनोखे संगम का केंद्र भी है।
वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी नए साल की शुभकामनाएं देते हुए एक्स पोस्ट पर लिखा, "अंग्रेजी नववर्ष 2026 की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। नव वर्ष सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और नवीन संकल्पों की ऊर्जा लेकर आए, यही मंगलकामनाएं हैं।"