'प्रदेश में नहीं होने देंगे पेट्रोल-डीजल और बिजली की कमी'मंत्री हीरालाल नागर का विपक्ष पर पलटवार; डोटासरा ने घेरा
राजस्थान सरकार ने मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच प्रदेश में ईंधन और बिजली आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि राज्य के पास 15 दिनों का स्टॉक सुरक्षित है और पैनिक फैलाने की जरूरत नहीं है। दूसरी ओर, कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने गैस की किल्लत को लेकर 27 मार्च को जयपुर में बड़े आंदोलन की घोषणा की है।
जयपुर: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी तनाव के बीच राजस्थान में एलपीजी गैस और बिजली की उपलब्धता पर सियासत गरमा गई है। बुधवार, 25 मार्च 2026 को ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। जयपुर में आईएएनएस से बातचीत में मंत्री ने कहा कि हमारे पास पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है और वर्तमान में 15 दिन की उपलब्धता सुनिश्चित है। विपक्ष द्वारा पैनिक पैदा करने की वजह से लोग चिंतित हुए थे लेकिन अब गैस की जो वेटिंग 9 लाख तक पहुँच गई थी वह घटकर 3 लाख तक आ चुकी है और लोगों को दो से तीन दिन में सिलेंडर मुहैया कराया जा रहा है।
बिजली आपूर्ति और विपक्ष की भूमिका पर मंत्री का बयान
बिजली संकट की अटकलों पर मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि वितरण कंपनियों पर सरकार की पूरी नजर बनी हुई है और प्रदेश में बिजली कट की समस्या नहीं होने देंगे। उन्होंने बताया कि अभी बिजली की मांग कम है इसीलिए 9 प्लांट बंद कर रखे हैं लेकिन विपक्ष इस पर भी जनता को गुमराह कर रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के सर्वदलीय बैठक में नहीं जाने पर तंज कसते हुए मंत्री ने कहा कि उन्हें विकास से कोई लेना-देना नहीं है जबकि प्रधानमंत्री सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करते हैं। उनके अनुसार संकट की इस घड़ी में विपक्ष को सुझाव देने के लिए बैठक में आना चाहिए था लेकिन उनका काम सिर्फ अराजकता फैलाना है।
डोटासरा का पलटवार और 27 मार्च को बड़े आंदोलन का ऐलान
दूसरी ओर राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सरकार के दावों पर कड़ा तंज कसा है। डोटासरा ने कहा कि मंत्री और प्रभावशाली लोगों के घरों में भले ही एलपीजी की कमी न हो लेकिन राजस्थान की आम जनता गैस सिलेंडर के लिए दर-दर भटक रही है और लंबी लाइनों में पिसने के साथ-साथ ब्लैक में महंगे दाम देकर सिलेंडर खरीद रही है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा सरकार के पास इस स्थिति से निपटने की कोई ठोस योजना नहीं है। सरकार की नींद तोड़ने और जनता को राहत दिलाने के लिए कांग्रेस 27 मार्च को जयपुर में शहीद स्मारक पर एक बड़ा जनआंदोलन करेगी।
क्या आप WhatsApp पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
WhatsApp पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
Follow News Tv India on WhatsApp