बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हिंसा पर जान्हवी कपूर का तीखा बयान, मॉब लिंचिंग को बताया ‘कत्लेआम’
अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रही हिंसा की कड़ी निंदा की है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग का जिक्र करते हुए लोगों से जागरूक होने, सवाल उठाने और सांप्रदायिक कट्टरपंथ के खिलाफ आवाज़ बुलंद करने की अपील की है।
नई दिल्ली : अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रही हिंसा की कड़ी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग का जिक्र करते हुए इसे 'कत्लेआम' करार दिया।
जान्हवी कपूर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर जानकारी लें, सवाल उठाएं और सांप्रदायिक भेदभाव का विरोध करें।
जान्हवी कपूर ने पोस्ट में लिखा, “दीपू चंद्र दास... यह कत्लेआम है और यह कोई अकेली घटना नहीं है। अगर आपको उसकी बेरहमी से मॉब लिंचिंग के बारे में नहीं पता तो इसके बारे में पढ़ें, वीडियो देखें, सवाल पूछें।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर इन सबके बाद भी गुस्सा नहीं आता तो यह गलत और दोहरा व्यवहार है जो सबके लिए खतरनाक है। उन्होंने लिखा, "बांग्लादेश में जो हो रहा है, वह देखकर अगर आपको गुस्सा नहीं आ रहा तो यह ठीक इसी तरह का दोहरा व्यवहार है, जो हम सबको खत्म कर देगा। हम दुनिया के दूसरे कोने में किसी घटना पर दुख जताते हैं। हम दूर की घटनाओं पर रोते हैं, लेकिन अपने भाई-बहनों को जलते देखते रहते हैं।"
क्या आप WhatsApp पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
WhatsApp पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
Follow News Tv India on WhatsAppजान्हवी ने स्पष्ट रूप से सांप्रदायिक कट्टरपंथ की निंदा की और अपनी बात रखते हुए आगे लिखा, “किसी भी तरह का सांप्रदायिक भेदभाव और कट्टरपंथ, चाहे हम पीड़ित हों या आरोपी, हमें अपनी इंसानियत भूलने से पहले इसकी बुराई करनी चाहिए। हम मोहरे हैं जो मानते हैं कि हम एक अनदेखी लाइन के दोनों तरफ हैं। इसे पहचानें और खुद को जानकारी से लैस करें ताकि आप उन बेगुनाह लोगों के लिए खड़े हो सकें जो इस सांप्रदायिकता में अपनी जिंदगी खोते जा रहे हैं और इससे डरे हुए हैं।
हाल ही में बांग्लादेश में 27 साल के हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की भीड़ ने कथित ईशनिंदा के आरोप में बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को आग लगा दी थी। इस घटना ने भारत सहित कई देशों में आक्रोश पैदा किया है, जिसे लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध भी देखने को मिला।