पहली बार मुनाफे में PSPCL: ₹2634 करोड़ के लाभ के बाद जनता को मिली बिजली दरों में कटौती
पंजाब सरकार ने 1 अप्रैल 2026 से नई बिजली दरें लागू करने का ऐलान किया है। 300 यूनिट मुफ्त योजना के साथ अब बिजली बिलों में और कटौती होगी।
चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए बिजली दरों में कटौती का ऐलान किया है। नई दरें 1 अप्रैल 2026 से पूरे पंजाब में लागू होंगी। सरकार के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली की दरों में प्रति यूनिट 1.5 रुपये तक कमी की गई है, जिससे लाखों उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी आएगी।
पंजाब सरकार पहले से ही घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली दे रही है। दो महीने के बिलिंग साइकिल के कारण यह सुविधा 600 यूनिट तक मुफ्त हो जाती है। अब नई दरें लागू होने के बाद 600 यूनिट से अधिक बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं के बिल में भी पहले की तुलना में कमी आएगी।
कमर्शियल और इंडस्ट्रियल उपभोक्ताओं को भी राहत
पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के अनुसार बिजली दरों में कटौती का लाभ व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को भी मिलेगा। कमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 79 पैसे प्रति यूनिट की कमी की गई है। औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए दरों में 74 पैसे प्रति यूनिट की कटौती की गई है। वहीं इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशनों के लिए बिजली दर घटाकर 5 रुपये प्रति यूनिट कर दी गई है, जो देश में सबसे कम मानी जा रही है।
पहली बार मुनाफे में आया पीएसपीसीएल
सरकार का दावा है कि मौजूदा कार्यकाल में पीएसपीसीएल पहली बार मुनाफे वाली कंपनी बनी है। वित्त वर्ष 2024-25 में निगम को लगभग 2634 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है और कंपनी को A+ रेटिंग भी मिली है।
क्या आप WhatsApp पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
WhatsApp पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
Follow News Tv India on WhatsAppऐसे कम होगा उपभोक्ताओं का बिजली बिल
पंजाब में 300 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को पहले पूरी खपत का बिल देना पड़ता था। अब ऐसे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में भी कटौती हो जाएगी। पीएसपीसीएल अब तक 2 किलोवाट लोड तक वाले उपभोक्ताओं से पहली 300 यूनिट का बिल 5.40 रुपए प्रति यूनिट वसूलता है। अगर खपत 300 यूनिट से ज्यादा होती है तो ऊपर की यूनिट की दर 7.75 रुपए थी। इसी तरह 2 किलोवाट से 7 किलोवाट खपत वाले उपभोक्ताओं से पहली 300 यूनिट का बिल 5.72 रुपए प्रति यूनिट के हिसाब से वसूलता है। जबकि 300 से ऊपर की यूनिटों का रेट 7.75 रुपए प्रति यूनिट था। अब सरकार ने सभी रेटों में 1.50 रुपए की कटौती कर दी है। 7 किलोवाट से ज्यादा लोड वाले घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली यूनिटों की दरों में 1.50 रुपए की कटौती की गई है।