अमित शाह आज पंचकूला में राष्ट्रीय सहकारी शिखर सम्मेलन को करेंगे संबोधित, सतत कृषि पर होगा मंथन
कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (KRIBHCO) बुधवार को हरियाणा के पंचकूला में राष्ट्रीय सहकारी शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। सम्मेलन का विषय है— “सहयोग के माध्यम से समृद्धि: सतत कृषि में सहकारी समितियों की भूमिका”।
नई दिल्ली : कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (KRIBHCO) बुधवार को हरियाणा के पंचकूला में राष्ट्रीय सहकारी शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। सम्मेलन का विषय है— “सहयोग के माध्यम से समृद्धि: सतत कृषि में सहकारी समितियों की भूमिका”।
इस सम्मेलन में सतत कृषि को बढ़ावा देने, प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) की भूमिका को मजबूत करने, छोटे और सीमांत किसानों की आय को स्थिर बनाने और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए सहकारी मॉडल पर चर्चा होगी।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सम्मेलन के मुख्य अतिथि होंगे। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “सहयोग के माध्यम से समृद्धि” की परिकल्पना को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस अवसर पर अमित शाह भिवानी के सलेमपुर स्थित मिल्क कूलिंग सेंटर और रेवाड़ी के जटुसाना में हैफेड आटा मिल का ई-उद्घाटन करेंगे। साथ ही, वे हरियाणा के सहकारी बैंकों के लाभार्थियों को रुपे प्लैटिनम डेबिट कार्ड वितरित करेंगे और ए-पीएसीएस के अध्यक्षों को पंजीकरण प्रमाण पत्र सौंपेंगे।
क्या आप WhatsApp पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
WhatsApp पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
Follow News Tv India on WhatsAppकेंद्रीय मंत्री अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के तहत की जा रही गतिविधियों को दर्शाने वाले एक विशेष पोर्टल का भी शुभारंभ करेंगे।
सम्मेलन में इस बात पर विशेष जोर रहेगा कि सहकारी समितियों के जरिए किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक, किफायती ऋण, उन्नत खेती की जानकारी, जैविक कृषि और जलवायु अनुकूल खेती के तरीके कैसे प्रभावी रूप से पहुंचाए जाएं।
KRIBHCO ने हाल के वर्षों में उर्वरक आपूर्ति, कृषि परामर्श सेवाओं और किसान-केंद्रित योजनाओं के माध्यम से देशभर के लाखों किसानों को लाभ पहुंचाया है। पंचकूला में होने वाला यह सम्मेलन अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के तहत सहकारी आंदोलन को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।