पंजाब सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध: राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने यूनियनों की मांगों पर दिया भरोसा
पंजाब राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने विभिन्न यूनियनों के साथ मैराथन बैठकें कीं। पटवारी-कानूनगो, PUDA रिटायर्ड कर्मचारी और आतंक पीड़ित एसोसिएशन की जायज मांगों को प्राथमिकता पर पूरा करने का भरोसा। अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने और पेंशन स्कीम पर जल्द मुख्यमंत्री के साथ चर्चा का ऐलान।
चंडीगढ़ : पंजाब के राजस्व, आवास निर्माण और शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने मंगलवार को विभिन्न कर्मचारी और सामाजिक संगठनों के साथ मैराथन बैठकें कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। पंजाब भवन में आयोजित इन बैठकों में रेवेन्यू पटवार यूनियन, कानूनगो यूनियन, साझा मुलाजम मंच (पुड्डा) और ऑल इंडिया अतिवाद पीड़ित एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए।
मंत्री मुंडियां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो मांगें विभागीय स्तर पर हल हो सकती हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाया जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री या वित्त विभाग से जुड़ी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री से शीघ्र बैठक की जाएगी।
क्या आप WhatsApp पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
WhatsApp पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
Follow News Tv India on WhatsAppपटवारी और कानूनगो संगठनों से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि ईमानदारी और बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सरकार सम्मानित और प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कर्मचारियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की।
वहीं, साझा मुलाजम मंच पुड्डा, मोहाली के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन से जुड़ी मांगों पर गंभीरता दिखाते हुए मंत्री ने कहा कि इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
आतंकवाद से प्रभावित परिवारों को लेकर मंत्री मुंडियां ने कहा कि उनकी सहायता, सुरक्षा और पुनर्वास पंजाब सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एसोसिएशन की जायज मांगों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर ठोस कदम उठाए जाएंगे।
बैठक के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव-कम-वित्त आयुक्त (राजस्व) अनुराग वर्मा, आवास एवं शहरी विकास विभाग के प्रमुख सचिव विकास गर्ग सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।