दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का 'डबल अटैक': पारा 38 डिग्री के पार पहुँचने के आसार, प्रदूषण ने भी बढ़ाई चिंता
दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में गर्मी का प्रकोप जारी। मौसम विभाग ने 11 मार्च तक तापमान 38°C पहुँचने का अनुमान जताया है। साथ ही प्रदूषण का स्तर भी चिंताजनक बना हुआ है।
नोएडा : दिल्ली-एनसीआर में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
आसमान में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है, फिलहाल किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 9 मार्च को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
इस दिन दिन के समय आर्द्रता करीब 35 प्रतिशत और सुबह के समय 85 प्रतिशत तक रह सकती है। इसी तरह 10 मार्च को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि आर्द्रता 40 से 90 प्रतिशत के बीच रह सकती है। वहीं 11 मार्च को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
इन दिनों आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। गर्मी के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है। अलिपुर में एक्यूआई 243, आनंद विहार में 239, अशोक विहार में 233 और बवाना में 273 दर्ज किया गया। इसके अलावा चांदनी चौक में 217, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 215 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 204 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। आयानगर में 178 और कैंटोनमेंट क्षेत्र में 177 एक्यूआई दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी के करीब है।
क्या आप WhatsApp पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
WhatsApp पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
Follow News Tv India on WhatsAppनोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी वायु गुणवत्ता की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 में एक्यूआई 226 और नॉलेज पार्क-5 में 305 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 223, सेक्टर-1 में 243 और सेक्टर-116 में 232 रिकॉर्ड किया गया, जबकि सेक्टर-62 में एक्यूआई 176 दर्ज हुआ।
गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। इंदिरापुरम में एक्यूआई 242, लोनी में 303, संजय नगर में 266 और वसुंधरा में 226 एक्यूआई दर्ज किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में बदलाव और तेज धूप के कारण आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को आने वाले दिनों में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और प्रदूषण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।