UP News: मौलाना तौकीर रजा के बेटे की कार का एक्सीडेंट, पुलिस को डिग्गी से मिली ड्रग्स और सिरिंज
शाहजहांपुर में नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसे के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। बरेली के चर्चित मौलाना तौकीर रजा के बेटे फरमान रजा की क्षतिग्रस्त कार की तलाशी में पुलिस को नशीला पाउडर और सिरिंज बरामद हुई है। आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में मंगलवार रात एक बड़े सड़क हादसे के बाद सनसनीखेज खुलासा सामने आया है। बरेली के चर्चित मौलाना तौकीर रजा खां के बेटे फरमान रजा की कार से ड्रग्स और सिरिंज बरामद की गई है। हादसे के बाद पुलिस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
मामला तिलहर थाना क्षेत्र के कछियानी खेड़ा, नेशनल हाईवे का है, जहां रात करीब 9 बजे फरमान रजा की वर्ना कार ने रोडवेज बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि फरमान रजा को गंभीर चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही तिलहर पुलिस मौके पर पहुंची और कार सवार युवक को हिरासत में ले लिया। जब पुलिस ने कार की डिग्गी खोलने को कहा तो फरमान रजा लगातार टालमटोल करता रहा। संदेह गहराने पर एसपी ग्रामीण दीक्षा अरुण भंवरे भी मौके पर पहुंचीं।
सख्ती के बाद डिग्गी खुलवाई गई, जहां से एक बैग बरामद हुआ। बैग की तलाशी लेने पर पुलिस को सफेद रंग का पाउडर (ड्रग्स) और एक सिरिंज मिली। बरामद ड्रग्स का वजन करीब आधा ग्राम बताया जा रहा है।
क्या आप WhatsApp पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
WhatsApp पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
Follow News Tv India on WhatsAppपुलिस पूछताछ में फरमान रजा ने स्वीकार किया कि वह खुद ड्रग्स का सेवन करता है। इसके बाद आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक फरमान रजा इलाहाबाद जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में अचानक प्लान बदलकर वापस लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
एसपी ग्रामीण दीक्षा अरुण भंवरे ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।