'भाजपा ने यूपी को कर दिया बर्बाद', मकर संक्रांति पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला; कार्यकर्ताओं को दिया 2027 का जीत मंत्र
अखिलेश यादव ने लखनऊ में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान भाजपा को 'संविधान विरोधी' करार दिया। उन्होंने एनडीए को 'पारिवारिक गठबंधन' बताते हुए भ्रष्टाचार और अपराध के मुद्दे पर योगी सरकार को घेरा।
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा और संघ परिवार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मजबूती और मतदाता सूची पर विशेष सतर्कता बरतने का आह्वान किया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने सभी को मकर संक्रांति की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
अखिलेश यादव ने कहा कि आरएसएस व भाजपा से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना अनिवार्य है। सपा अध्यक्ष ने भाजपा नेता किरण रिजिजू के बयान का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने खुद स्वीकार किया है कि एनडीए कोई राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक गठबंधन है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता से झूठ बोलने और झूठे वादे करने में माहिर है। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को लेकर भाजपा ने झूठा प्रचार और नरेटिव गढ़ा, लेकिन मतदाता सूची के एसआईआर प्रक्रिया में एक भी घुसपैठिया नहीं मिला।
उन्होंने भाजपा पर भ्रष्टाचार और सरकारी धन की लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि झूठ बोलकर जनता को गुमराह किया जा रहा है और प्रदेश की जनता परेशान व दुखी है। सपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर पूरी ताकत से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वोट बचाना और अपना बूथ जिताना समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने फार्म-6 के जरिए छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने और भाजपा की चालाकियों से सतर्क रहने की बात कही। साथ ही चेतावनी दी कि 2027 में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है और सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ने की जरूरत है।
क्या आप WhatsApp पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
WhatsApp पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
Follow News Tv India on WhatsAppउन्होंने कहा कि अपने व्यवहार से लोगों को विश्वास दिलाना होगा कि समाजवादी पार्टी ने ही प्रदेश में वास्तविक विकास किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है और आज हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है। प्रदेश अपराधियों की गिरफ्त में है, महिला अपराध और साइबर क्राइम चरम पर हैं और अपराधी बेखौफ होकर हत्याएं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने संस्थाओं को कमजोर कर दिया है। राजधानी लखनऊ के बड़े अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में भी गुणवत्तापूर्ण इलाज नहीं मिल पा रहा है क्योंकि सरकार पर्याप्त बजट नहीं देती। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में गरीबों का इलाज पूरी तरह मुफ्त था। समाजवादी पार्टी की सरकार ने लोहिया संस्थान, सैफई मेडिकल कॉलेज और विश्वस्तरीय कैंसर संस्थान का निर्माण कराया तथा केजीएमयू और पीजीआई जैसी संस्थाओं में सुविधाओं का विस्तार किया, जबकि भाजपा सरकार ने इन व्यवस्थाओं को खराब कर दिया।
उन्होंने भाजपा के चरित्र को अमानवीय और संवेदनहीन बताया। कार्यक्रम के दौरान जम्मू-कश्मीर से आए समाजवादी पार्टी नेता मोहम्मद आज़म एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को शाल और मफलर भेंट किया। वाराणसी से आए कार्यकर्ताओं ने संकट मोचन मंदिर का प्रसाद भेंट किया, जबकि अवधेश यादव और पंचू यादव ने उन्हें इलाहाबादी अमरूद भेंट कर सम्मानित किया।