लकी ओबेरॉय हत्याकांड: एक्शन में डीजीपी गौरव यादव, जालंधर पहुंचकर की हाई-लेवल समीक्षा, वैज्ञानिक जांच जारी
जालंधर में आम आदमी पार्टी (AAP) कार्यकर्ता सतविंदरपाल सिंह उर्फ लकी ओबेरॉय की दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद पंजाब पुलिस मुख्यालय अलर्ट पर है।
Lucky Oberoi Murder Case: पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ता सतविंदरपाल सिंह उर्फ लकी ओबेरॉय की हत्या के मामले ने प्रदेश में सनसनी फैला दी है। इस हाई-प्रोफाइल हत्या के बाद पंजाब पुलिस हरकत में आ गई है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने जालंधर पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर जांच की समीक्षा की और घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री मान कर रहे हैं सीधे निगरानी
घटनास्थल पर मीडिया से बात करते हुए डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान खुद इस मामले की निगरानी कर रहे हैं और जांच की प्रगति की लगातार जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस हत्या में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी। इस दौरान जालंधर की पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर भी मौजूद रहीं।
क्या आप WhatsApp पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
WhatsApp पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
Follow News Tv India on WhatsApp
गुरुद्वारा पार्किंग में हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह लकी ओबेरॉय जालंधर के मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में मत्था टेकने पहुंचे थे। जैसे ही वह गुरुद्वारे की पार्किंग से बाहर निकल रहे थे, उसी दौरान सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटर पर सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल ओबेरॉय को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ रही जांच
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच पेशेवर और वैज्ञानिक तरीके से कर रही है। संदिग्धों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और तकनीकी जांच के तहत मोबाइल टावर डंप डेटा भी जुटाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है।
दो आरोपी हुडी पहनकर हुए फरार
पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि काले रंग की हुडी पहने दो हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद एक्टिवा स्कूटर से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
हत्या मामले में एफआईआर दर्ज
इस घटना के संबंध में जालंधर कमिश्नरेट के थाना डिवीजन-6 में एफआईआर नंबर 25 (दिनांक 6 फरवरी 2026) दर्ज की गई है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 3(5), 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।