जालंधर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को जालंधर में लोक मिलनी कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें उन्होंने स्थानीय लोगों, MLAs, हल्का इंचार्जों और ब्लॉक प्रमुखों से सीधे बातचीत की। उन्होंने कहा कि लोक मिलनियां सरकार को जमीन पर चल रही वास्तविक समस्याओं को समझने और जनता की शिकायतों का समाधान तेजी से करने में मदद करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल पारदर्शी और जवाबदेह शासन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बताया कि लोक मिलनियों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रक्रिया को सरल बनाना है, ताकि विकास को गति मिले और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचे। मान ने यह भी कहा कि ऐसी लोक मिलनियां नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी ताकि प्रशासन को जनता की वास्तविक जरूरतों की बेहतर समझ मिले और अधिकारियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन भी हो सके।
कार्यक्रम में मान ने अधिकारियों को स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए और कहा कि सरकार किसी भी शिकायत को अनसुना नहीं छोड़ेगी। उन्होंने बताया कि यह तरीका अन्य राज्यों के मुकाबले अलग है, क्योंकि यहां पर सरकार यह समय जनता के दरवाज़े पर जाकर उनके मुद्दों को सुनने में लगा रही है।
लोक मिलनी में शामिल लोगों ने सीएम को सड़क, बुनियादी सुविधाओं और अन्य स्थानीय विकास योजनाओं पर अपनी समस्याएं और सुझाव दिए। कई MLA और स्थानीय प्रतिनिधियों ने बैठक में अपने-अपने इलाके के विकास कार्यों पर चर्चा भी की।