असम के भीहपुरिया में जनसंपर्क के दौरान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को देखने के लिए महिला समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। इसी दौरान एक महिला ने सुरक्षा घेरा तोड़कर मुख्यमंत्री को गले लगाया और उनके गाल पर किस (चुंबन) कर अपना स्नेह प्रकट किया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

लखीमपुर के भीहपुरिया इलाके में जब मुख्यमंत्री का काफिला पहुँचा, तो नजारा किसी फिल्मी सितारे के रोड शो जैसा था। जैसे ही मुख्यमंत्री अपनी गाड़ी से उतरे, महिलाओं की भारी भीड़ ने उन्हें घेर लिया और हर कोई उनके साथ सेल्फी लेने और हाथ मिलाने को बेताब दिखा। इसी भीड़ के बीच एक महिला समर्थक ने मुख्यमंत्री को गले लगाया और खुशी के मारे उनके गाल पर किस कर दिया। मुख्यमंत्री भी इस अचानक हुए प्यार भरे जेस्चर से मुस्कुरा उठे और उन्होंने बड़ी सहजता से इसे स्वीकार किया। देखते ही देखते इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया।

असम में हिमंत बिस्वा सरमा को युवा और महिलाएं प्यार से 'मामा' कहकर पुकारते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि यह वीडियो मुख्यमंत्री की जमीनी लोकप्रियता और जनता के प्रति उनके निस्वार्थ प्रेम का प्रमाण है, तो कोई इसे चुनावी लहर का असर मान रहा है।

राजनीतिक जानकारों की मानें तो इस तरह की तस्वीरें चुनाव के समय काफी मायने रखती हैं। यह दिखाता है कि मुख्यमंत्री की पकड़ ज़मीनी स्तर पर, खासकर महिला वोटरों के बीच कितनी मजबूत है। अभियान के दौरान कई महिलाओं ने उनसे हाथ मिलाया और अपनी समस्याएं भी साझा कीं। हिमंत बिस्वा सरमा अक्सर अपने बेबाक अंदाज और जनता के बीच सीधे संवाद के लिए जाने जाते हैं, और लखीमपुर की इस घटना ने उनके इसी अंदाज़ को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।