जम्मू-कश्मीर : जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग क्षेत्र में आतंकियों द्वारा किए गए हमले में तीन गैर-कश्मीरी मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना जिले के गुंड इलाके में स्थित एक निजी कंपनी के शिविर में हुई, जहां सुरंग निर्माण का काम चल रहा था। आतंकियों ने मजदूरों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सर्च ऑपरेशन जारी
हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सेना और पुलिस की टीमों ने इलाके में हर कोने-कोने की तलाशी शुरू की है। अभी तक किसी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन इलाके में आतंकियों की गतिविधियों को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है।
लगातार बढ़ रही हैं टारगेट किलिंग की घटनाएं
जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ समय से आतंकियों द्वारा गैर-कश्मीरी नागरिकों और मजदूरों को निशाना बनाने की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। मात्र दो दिन पहले शोपियां जिले में भी आतंकियों ने एक गैर-कश्मीरी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस ताजा हमले के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
मुख्यमंत्री ने हमले की कड़ी निंदा की
घटना पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दुख व्यक्त किया है. सीएम ने कहा कि सोनमर्ग क्षेत्र के गगनगीर में गैर-स्थानीय मजदूरों पर कायरतापूर्ण हमले की बेहद दुखद खबर मिली है. मजदूर इलाके में एक प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजना पर काम कर रहे थे. इस आतंकवादी हमले में 2 की मौत हो गई है और 2-3 अन्य घायल हो गए हैं. मैं निहत्थे और निर्दोष लोगों पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा करता हूं और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं.
प्रशासन का रुख
प्रशासन ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और मारे गए मजदूरों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही, घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। सुरक्षा एजेंसियों को आतंकियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
स्थानीय निवासियों में भय का माहौल
गांदरबल में हुई इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों के बीच भय का माहौल है। लोग आतंकियों की इन घटनाओं से परेशान हैं और शांति बहाल करने की मांग कर रहे हैं।